अयोध्या: अयोध्या में पति की मौत के बाद सात वर्षीय बेटी के साथ आर्थिक तंगी से जूझ रही महिला की मदद के लिए सूर्यवंशीय क्षत्रिय उत्थान समिति आगे आई। समिति के पदाधिकारियों ने मंगलवार को पीड़ित परिवार को खाद्य सामग्री और वस्त्र देने के साथ आर्थिक सहायता भी प्रदान की। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के देवगिर गांव निवासी हंसराज का बीमारी के चलते पांच अगस्त को निधन हो गया था। उनकी मौत के बाद पत्नी रीता और सात वर्षीय बेटी के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण परिवार चद्दर के नीचे गुजर-बसर करने को मजबूर है। परिवार की स्थिति की जानकारी होने पर सूर्यवंशीय क्षत्रिय उत्थान समिति के पदाधिकारियों ने सहायता का निर्णय लिया। मंगलवार को समिति के अध्यक्ष भगवान बक्श सिंह के नेतृत्व में अनिल कुमार सिंह, लाल साहब सिंह, नरेंद्र बहादुर सिंह, वीरेंद्र सिंह, अबिचल सिंह, संतोष सिंह, गन्ना समिति अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह और सत्यम सिंह देवगिर गांव पहुंचे। पदाधिकारियों ने रीता और उनकी बेटी को खाद्य सामग्री, वस्त्र और आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान पूर्व प्रधान गिरधरामऊ नंदन सिंह, सनी सिंह, अनिरुद्ध सिंह, भीम सिंह, भानुप्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।