अमेठी में एक घर में तिलक की रस्म चल रही थी। रिश्तेदार जुटे थे। दो दिसंबर को होने वाली शादी की तैयारियां पूरी की जा रही थीं। तभी पुलिस पहुंची और बीएसएफ जवान बृजेश कुमार चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया। मोहनगंज क्षेत्र की एक युवती ने उस पर शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और नौकरी मिलने के बाद शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया। तिलक के दिन हुई गिरफ्तारी से शादी की खुशियों के बीच परिवार में अफरातफरी मच गई। उधर, जिस युवती से बृजेश का विवाह तय हुआ था, वहां भी रिश्ता टूटने की चर्चा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जगदीशपुर के गुडाढी निहालगढ़ गांव निवासी बृजेश की युवती से फरवरी 2023 में ऑनलाइन काम के दौरान पहचान हुई थी। इसके बाद इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई। युवती के मुताबिक, दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं तो बृजेश ने शादी का भरोसा दिया। इसी भरोसे पर उनके बीच शारीरिक संबंध बने। आरोप है कि बीएसएफ में नौकरी मिलने के बाद बृजेश का व्यवहार बदल गया और उसने शादी से इन्कार कर दिया। इसी बीच बृजेश का विवाह मोहनगंज क्षेत्र के एक गांव की युवती से तय हो गया। इसकी जानकारी होने पर शिकायतकर्ता ने उसकी मां संतोषा देवी और चाचा सुरेश कुमार से बातचीत की। युवती ने 19 नवंबर को फोन पर हुई बातचीत का भी शिकायत में उल्लेख किया है। आरोप है कि बृजेश ने शादी करने से साफ इन्कार कर दिया। इसके बाद युवती अपनी मां के साथ जगदीशपुर कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की। मंगलवार 25 नवंबर को तिलक की रस्म के दौरान जवान के घर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद न्यायालय में पेश किया गया। युवती के अनुसार, फरवरी 2023 में ऑनलाइन काम के दौरान दोनों की पहचान हुई थी। इंस्टाग्राम पर संदेशों और वीडियो कॉल के जरिये बातचीत आगे बढ़ी। आरोप है कि बृजेश ने शादी का भरोसा देकर संबंध बनाए और नौकरी मिलने के बाद वादे से मुकर गया। बृजेश का तिलक 25 नवंबर और विवाह दो दिसंबर को तय था। घर में रस्मों की तैयारियां चल रही थीं। गिरफ्तारी के बाद समारोह की खुशियां फीकी पड़ गईं। मोहनगंज क्षेत्र में तय हुए रिश्ते को लेकर भी असमंजस की स्थिति है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज, आरोपी गिरफ्तार अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर बीएसएफ जवान को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।