अंबेडकरनगर में अकबरपुर के बरियावन गांव में कन्या इंटर कॉलेज के पास रविवार देर रात दबंग करीब 100 लोगों व तीन जेसीबी के साथ अचानक आ धमके। इस दौरान जेसीबी से सड़क किनारे बनीं दुकानों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। इस दौरान शोर सुनकर कुछ लोग बाहर निकले लेकिन लाठियों व डंडों से लैस दबंगों ने उन्हें जानमाल की धमकी देकर शांत करा दिया। साथ ही किसी को पुलिस को फोन न करने की धमकी दी। एक-एक कर दबंगों ने करीब एक दर्जन पक्की दुकानों को ध्वस्त कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार दबंगों ने सड़क को दोनों ओर से अवरुद्ध कर करीब एक घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। डरे सहमे ग्रामीणों ने मामले की जानकारी सुबह पुलिस को दी। इसके बाद जॉइंट मजिस्ट्रेट प्रतीक्षा सिंह, तहसीलदार दिव्या भारती, सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी, कोतवाल संतोष कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सभी पीड़ितों के बयान दर्ज किए और तहरीर ले ली है। अभी मकान तोड़ने वाले दबंगों के नाम का खुलासा नहीं हो पाया है। फिलहाल यह बताया जा रहा है कि गांव के रामनाथ ने अपनी 16 बिस्वा जमीन अयोध्या के किसी व्यक्ति को बेची है। माना जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति ने ही निर्माण ध्वस्त कराए हैं।