अंबेडकरनगर में एनडीए घटक दलों की समन्वय बैठक के बाद सोमवार को मीडिया से बातचीत में प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और विकास की कोई चिंता नहीं है। उनकी चिंता केवल सत्ता हासिल करने और देश की संपत्ति पर कब्जा करने की है। गोंडा में विनोद साहनी हत्याकांड पर विपक्ष के घटनास्थल पर पहुंचने के सवाल पर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सरकार और पुलिस मामले में पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। घटना के दिन ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था और अन्य की तलाश जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता दुर्घटनाओं के बहाने मौके पर जाकर माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं। इसी वजह से उन्हें घटनास्थल पर जाने से रोका जाता है। राजभर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसी घटना पर राजनीति करना नहीं, बल्कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।