यूपी के अंबेडकरनगर में रविवार को बांस से पीट-पीटकर चिकन दुकानदार की हत्या कर दी गई। बचाने आए युवक को भी आरोपियों ने घायल कर दिया। घटना से घर में रोना बिलखना शुरू हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना सम्मनपुर थाना क्षेत्र के कुर्की बाजार की है। यहां शराब की दुकान के पास क्षेत्र के ही कुर्की महमूदपुर निवासी रामकिशुन छप्पर डालकर चिकन की दुकान चलाते थे। आरोप है कि रविवार शाम करीब 7:30 बजे खपुरा निवासी डब्बू यादव अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा। सामान के लेनदेन को लेकर रामकिशुन से उसकी कहासुनी हो गई। इस पर डब्बू व उसके साथियों ने छप्पर में लगा बांस उखाड़कर रामकिशुन पर हमला कर दिया। बचाने पहुंचे बसंतलाल को भी आरोपियों ने पीट-पीटकर घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक से भाग निकले। परिजनों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर रामकिशुन को पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि डब्बू यादव, पवन मौर्या समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।