चारों भाइयों के मिलन का दृश्य देखकर श्रद्धालु हुए भावुक, जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के वनवास से लौटने और भाइयों से मिलन का प्रसंग बुधवार रात शहर के कोतवाली और लोकनाथ चौराहों पर श्रद्धा और भक्ति के बीच साकार हुआ। श्री महंत बाबा हाथीराम पजावा रामलीला कमेटी का भरत मिलाप कोतवाली चौराहे पर रात 12 बजे संपन्न हुआ, जबकि श्री पथरचट्टी रामलीला कमेटी का ऐतिहासिक भरत मिलाप लोकनाथ चौराहे पर परंपरागत रूप से आयोजित किया गया। चारों भाइयों के मिलन का दृश्य देखकर श्रद्धालु भावुक हो उठे और जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जय श्री राम के नारे लगाती रही।