प्रयागराज जंक्शन पर मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को यात्रियों से जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से स्टेशन और ट्रेनों में साफ-सफाई, खानपान सहित अन्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। डीआरएम अचानक कालका जा रही नेताजी एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में भी पहुंचे। उन्होंने सफर कर रहे यात्रियों से बातचीत कर खानपान और साफ-सफाई की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इस दौरान यात्रियों ने खानपान और स्वच्छता को लेकर संतुष्टि जाहिर की। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के 14 प्रमुख स्टेशनों पर बृहस्पतिवार को रेल जनसंवाद आयोजित किया गया। सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने यात्रियों से बातचीत कर उनका फीडबैक लिया। इसी तरह कानपुर, अलीगढ़, इटावा और प्रयागराज छिवकी सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी वरिष्ठ रेल अधिकारियों ने यात्रियों से संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली।