बाह। जरार में बिजली घर रोड पर मंगलवार आधी रात को दीवार में एक्जॉस्ट फैन होल के रास्ते घुसे चाेरों ने सेवानिवृत्त फौजी मोहनलाल के घर से लाखों के नगदी-जेवर चोरी कर लिए। खटपट की आवाज पर जागी पुत्रवधू ने घर से बाहर निकल कर शोर मचाया। पुलिस को कॉल कर बुलाया। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है। हिंगोटखेडा गांव के पूर्व फौजी का जरार के बिजली घर रोड पर घर है। मोहनलाल ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की रात 9 बजे के करीब वह गांव गये थे। घर पर पुत्रवधू ममता अपनी बेटी के साथ मौजूद थी। उन्होंने बताया कि रात 12 बजे के करीब दीवार में एक्जॉस्ट फैन होल के रास्ते चोर घर में घुसे। दोनों बक्से खंगाल कर लाखों के नगदी-जेवर चोरी कर ले गये। खटपट की आवाज पर जागी ममता घर का शटर खोल कर बाहर आई और चोर चोर का शोर मचा दिया। इतना ही नहीं 112 नंबर डायल कर पुलिस को कॉल कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। देर रात पहुंचे मोहनलाल घर के अंदर का नजारा देख कर हैरान रह गये। उन्होंने बताया कि चोर लाखों का कैश ले गये हैं। जेवर के बारे में पुत्रवधू बताएगी। पुत्रवधू ने बताया कि घर पर रखे सभी जेवर चोरी हो गये। उसने बताया कि खटपट की आवाज पर बेटी को सोता छोड़ कर वह घर से बाहर निकली थी। बाह पुलिस चोरी की वारदात की जांच में जुटी है। एसीपी बाह जितेन्द्र कुमार ने बताया ममता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज की है।