आगरा के फतेहपुर सीकरी में मुख्य बाजार स्थित पुराने राजकीय कृषि गोदाम की जमीन पर करीब दो वर्ष पूर्व बनाई गई मार्केट के स्वामित्व को लेकर विधायक चौधरी बाबूलाल द्वारा मुख्यमंत्री से की गई शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय टीम ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अभिलेखों की जांच की। मंगलवार दोपहर उप जिलाधिकारी अभिनव पाठक, तहसीलदार दीपंकर, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार तथा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र प्रताप सिंह राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पुरानी कृषि गोदाम की जमीन और वर्तमान में बनी मार्केट का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर संपत्ति से संबंधित अभिलेखों का भी परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने पुराने असेसमेंट रजिस्टर समेत अन्य दस्तावेजों को बारीकी से देखा।