आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र के वृंदा भगत, गोबर चौकी में रविवार सुबह जूते के गोदाम में आग लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकलकर्मियों ने 2 घंटे में आग पर काबू पा लिया। आग से बेसमेंट में बने गोदाम में रखा लाखों रुपये का माल जल गया। राजपुर चुंगी निवासी रफीक जूता कारोबारी हैं। उनका वृंदा भगत, विभव नगर क्षेत्र में किराए पर गोदाम है। यहां जूतों का स्टॉक रखा था। गोदाम के एक हिस्से में मालिक समद का सामान भी रखा था, हालांकि वह यहां रहते नहीं हैं। रविवार सुबह करीब चार बजे गोदाम में अचानक आग लग गई। लपटें उठती देख पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। आग से मालिक समद के हिस्से के मकान का फर्श भी चटक गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका है। जांच की जा रही है।