आगरा। ट्रांसयमुना थाना क्षेत्र में साइबर ठग ने एफडी तोड़कर वरिष्ठ नागरिक के खाते से 2.51 लाख रुपये झारखंड ट्रांसफर कर दिए गए। कहीं सुनवाई न होने पर जब उन्होंने पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई तब प्राथमिकी दर्ज की गई। नरायच निवासी वरिष्ठ नागरिक विजय गोपाल शर्मा ने बताया कि 27 जनवरी को उनके खाते से तीन एफडी समय से पहले तोड़कर रुपये नावेद अंसारी (निवासी मैंगो, जमशेदपुर, झारखंड) नाम के खाते में ट्रांसफर कर दी गई। मोबाइल हैक कर यह किया गया। उन्होंने अगले ही दिन पोर्टल और थाने में शिकायत की। साइबर सेल की जांच में नावेद अंसारी का नाम-पता सामने आने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। परेशान होकर उन्होंने 18 अगस्त को पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।