फतेहपुर सीकरी के ग्राम सिकरौदा निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बहू के मायके पक्ष के लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार प्राथमिकी दर्ज़ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सिकरौदा निवासी कुंवर जीत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र प्रताप की शादी फरवरी 2026 में किरावली क्षेत्र के नगला भालरा निवासी गुड्डू की बेटी प्रिया के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही प्रताप और उसकी पत्नी प्रिया के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है। आरोप है कि गांव के देवीसिंह पुत्र विजेंद्र सिंह और मानसिंह पुत्र राजन सिंह, जो प्रिया के फूफा लगते हैं, इस मामले में हस्तक्षेप कर रहे हैं। तहरीर के अनुसार शनिवार को रवी, प्रवीण पुत्रगण मानसिंह, टीटू पुत्र देवी सिंह, मानसिंह पुत्र राजन सिंह, सिकरौदा निवासी विज्जो और बुल्लन तथा नगला भालरा निवासी आशू समेत अन्य लोग उसके पास पहुंचे। आरोप है कि सभी ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।