आगरा के बाह के खेड़ा राठौर के गुमानसिंह पुरा गांव में परिषदीय प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित तालाब में सोमवार को मगरमच्छ दिखने से दहशत फैल गई है। सोशल मीडिया पर तालाब में विचरण करते मगरमच्छ का वीडियो वायरल हुआ है। 12 सेकंड के वायरल वीडियो में विशालकाय मगरमच्छ तेजी से चलता हुआ दिख रहा है। वीडियो वायरल होने पर स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों पर मगरमच्छ के हमले का डर अभिभावकों को सता रहा है। तालाब के पास ही बस्ती है, तालाब से निकल कर बस्ती में मगरमच्छ के पहुंचने की आशंका ने ग्रामीणों की रात की नींद छीन ली है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मगरमच्छ को पकड़ कर चंबल नदी में छोड़े जाने की मांग की है। ग्राम प्रधान सत्यराम बघेल ने बताया कि स्कूल के बगल के तालाब में मगरमच्छ होने की सूचना वन विभाग को दी थी। वन विभाग की टीम गांव आई थी। लेकिन रेस्क्यू नहीं किया जा सका है। जरूरत पड़ने पर तालाब से पानी खाली कराया जाएगा। बाह के रेंजर कुलदीप सहाय पंकज ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर गई थी। तालाब में पानी और कीचड़ होने की वजह से मगरमच्छ को रेस्क्यू नहीं किया जा सका। तालाब को खाली कराने के लिए ग्राम प्रधान से संपर्क साधा जा रहा है। तालाब खाली होने के बाद ही मगरमच्छ को रेस्क्यू किया जा सकेगा। मगरमच्छ को तालाब के घेरे से बाहर निकलने से रोकने के लिए चारों ओर जाल लगाया जाएगा। वन विभाग की टीम ने तालाब के पास की आबादी को मगरमच्छ के बाहर निकलने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने का आह्वान किया है। तालाब के किनारे बच्चों को जाने से रोकने को जागरूक किया गया है।