फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशा तस्करी से अर्जित 1.38 करोड़ रुपये की संपत्तियां फ्रीज

नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए शिमला पुलिस ने अब तस्करी से अर्जित धन और उससे बनाई गई संपत्तियों पर शिकंजा कसा है। पुलिस थाना रामपुर में दर्ज एनडीपीएस मामले में वित्तीय जांच के बाद 1.38 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चल संपत्तियों को फ्रीज/सीज किया गया है। यह मामला पुलिस थाना रामपुर में अभियोग संख्या 30/2025, दिनांक 4 मार्च 2025 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 27A और 29 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, 3 मार्च 2025 को कुढीधार क्रशर, रामपुर के समीप गश्त के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई थी। वाहन में सवार करसोग, जिला मंडी निवासी सोहन लाल और उसकी पत्नी गीता श्रेष्ठ के कब्जे से करीब 27 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई थी। मामले की विस्तृत जांच के दौरान पुलिस ने नशा तस्करी के नेटवर्क की पिछली और आगे की कड़ियों को जोड़ते हुए कुल 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वर्ष 2026 में इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के अध्याय V-A के तहत वित्तीय जांच की गई। इसके लिए आरोपियों और उनसे जुड़े लोगों के बैंक खातों, यूपीआई लेन-देन, आयकर रिटर्न (ITR), राजस्व अभिलेखों और परिवहन विभाग के रिकॉर्ड का विश्लेषण किया गया। जांच में छह आरोपियों और छह सहयोगियों/एसोसिएट्स सहित कुल 12 व्यक्तियों के नाम पर संपत्तियां चिन्हित की गईं। इनमें एक Ecomet ट्रक, Eicher टिपर और कई वाहन शामिल हैं। चिन्हित वाहनों में Hyundai Venue, Toyota Glanza, Hyundai i20, Maruti Suzuki Swift, Maruti Suzuki Bolero Camper, Maruti Suzuki Ignis, Maruti Suzuki Celerio और Suzuki Eeco शामिल हैं। इसके अलावा दो Apple iPhone भी कार्रवाई के दायरे में आए हैं। पुलिस के अनुसार, इन सभी चल संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य 1.38 करोड़ रुपये से अधिक पाया गया। वित्तीय जांच के दौरान आरोपियों और उनके सहयोगियों के बैंक खातों में संदिग्ध लेन-देन भी सामने आए। पुलिस के मुताबिक, विशेष रूप से आरोपी संदीप शाह और उसके सहयोगियों के खातों में यूपीआई तथा अन्य बैंकिंग माध्यमों से 1.5 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन पाए गए। जांच में संबंधित व्यक्तियों की ओर से इन संपत्तियों को खरीदने के लिए पर्याप्त ज्ञात और वैध आय का स्रोत सामने नहीं आया। उपलब्ध वित्तीय साक्ष्यों और संपत्ति संबंधी तथ्यों के आधार पर पुलिस ने इन्हें प्रथम दृष्टया नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से खरीदी गई संपत्तियां माना। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68E और 68F(1) के तहत संपत्तियों को फ्रीज/सीज करने की कार्रवाई की गई। शिमला पुलिस के अनुसार, नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई अब केवल नशे की बरामदगी और तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पुलिस अवैध कारोबार से अर्जित धन और उससे बनाई गई संपत्तियों की भी जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक जिला शिमला में एनडीपीएस मामलों के आरोपियों और उनके सहयोगियों की कुल 14 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियां फ्रीज/सीज की जा चुकी हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें