फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उदयपुर: कांग्रेस का आरोप- पटवारी और कांस्टेबल मतदाताओं को धमका रहे; भाजपा के पक्ष में वोट डालने का दबाव

Sat, 24 Oct 2026 11:47 AM IST
उदयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर

राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के बीच उदयपुर जिले में कांग्रेस ने कुछ सरकारी कर्मचारियों पर मतदाताओं को डराने-धमकाने और भाजपा के पक्ष में मतदान करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेताओं ने गोगुंदा और सायरा क्षेत्र में चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की शिकायत करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिला परिषद के कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव प्रचार के दौरान कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला भी उठाया गया।

पटवारी और कांस्टेबल पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप
कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों के अनुसार, सायरा पुलिस थाने में पदस्थ कांस्टेबल धर्मेंद्र और ओगणा तहसील में कार्यरत पटवारी नाहर सिंह पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि मतदाताओं को झूठे मामलों में फंसाने और जेल भेजने की धमकी देकर मतदान को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

पटवारी की पत्नी भाजपा प्रत्याशी, पद के दुरुपयोग का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि गोगुंदा क्षेत्र में पदस्थ पटवारी नाहर सिंह की पत्नी वसिया कुंवर गोगुंदा पंचायत समिति के वार्ड संख्या 13 से भाजपा प्रत्याशी हैं। कांग्रेस का दावा है कि पटवारी अपने पद का प्रभाव इस्तेमाल कर मतदाताओं पर पत्नी के पक्ष में मतदान करने का दबाव बना रहे हैं। पार्टी ने इसे चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का दावा
ज्ञापन में 20 अक्टूबर को जिला परिषद उदयपुर के वार्ड संख्या 2 में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी लालसिंह झाला के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला भी उठाया गया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कमलेश शर्मा नाम के व्यक्ति ने एक सार्वजनिक सभा में यह टिप्पणी की थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हुआ। कांग्रेस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन
इन शिकायतों को लेकर उदयपुर भूमि विकास बैंक के चेयरमैन मथुरेश नागदा और पूर्व उप जिला प्रमुख श्यामलाल चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं तथा गोगुंदा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामसिंह चदाणा सहित अन्य नेता शामिल रहे। कांग्रेस ने मांग की कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और भयमुक्त बनाए रखने के लिए प्रशासन से हस्तक्षेप करने की भी मांग की।

ये नेता रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व पार्षद अजय पोरवाल, कल्याण सिंह राव, कमल चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दिनेश श्रीमाली, शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शंकर चंदेल, पार्षद अजीत सिंह चौधरी, लक्ष्मी लाल मेघवाल, पूर्व पार्षद गिरीश भारती, देहात जिला महासचिव प्रहलाद सिंह झाला और महेंद्र डामोर सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें