डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान की घटना के विरोध में लुधियाना में दलित समाज का बंद शुरू हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने जालंधर बाईपास चौक पर दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। अमृतसर और जालंधर की तरफ से लुधियाना होते हुए पटियाला, अंबाला, करनाल, पानीपत और दिल्ली जाने वाले यात्रियों को इसका सीधा असर झेलना पड़ रहा है। हाईवे की लेन बंद होने के बाद वाहनों की रफ्तार थमने लगी और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। प्रदर्शनकारियों ने पहले सर्विस लेन में धरना दिया, लेकिन कुछ देर बाद वे मुख्य हाईवे पर भी पहुंच गए। जालंधर और लुधियाना के बीच दोनों दिशाओं में जाने वाले यातायात की लेन प्रभावित होने से हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने बंद और प्रदर्शन को देखते हुए कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया है। दरअसल, मंगलवार को कुछ शरारती तत्वों द्वारा डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा की बेअदबी की घटना सामने आई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी और रात करीब साढ़े तीन घंटे तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। हालांकि, अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से दलित समाज में रोष है।