जालंधर के बर्ल्टन पार्क स्टेडियम में होने वाली एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में भारतीय पुरुष हॉकी टीम मैदान का निरीक्षण करने और अभ्यास सत्र के लिए स्टेडियम पहुंची। हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष एवं हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। 27 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में एशिया की प्रमुख हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। नितिन कोहली ने कहा कि भारतीय टीम का जालंधर पहुंचना शहर और पंजाब के लिए गर्व की बात है। आगामी दिनों में अन्य टीमें भी चरणबद्ध तरीके से जालंधर पहुंचेंगी और अपने अभ्यास सत्र के दौरान मैदान तथा स्टेडियम की सुविधाओं से परिचित होंगी।कोहली ने बताया कि खिलाड़ियों के आगमन, ठहरने और अभ्यास से संबंधित व्यवस्थाओं का समन्वय किया जा रहा है, ताकि सभी टीमों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस प्रतियोगिता से जालंधर में अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी होगी और पंजाब की समृद्ध हॉकी विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, इस आयोजन से युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।