शहर में वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं। अब व्यस्त इलाकों में भी वाहन सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला जालंधर के मास्टर तारा सिंह नगर का है, जहां सोमवार दोपहर करीब 12:15 बजे एक कंपनी के बाहर खड़ी कर्मचारी की हीरो स्प्लेंडर बाइक चोरी हो गई। बाइक चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित रोहित के मुताबिक, उसने रोजाना की तरह अपनी बाइक मास्टर तारा सिंह नगर स्थित कोठी नंबर 169-ए में बने ऑफिस के बाहर खड़ी की थी और काम के लिए अंदर चला गया। इसी दौरान एक अज्ञात चोर बाइक लेकर फरार हो गया। चोरी हुई बाइक का नंबर पीबी08-एफ एम-3083 बताया गया है। रोहित ने बताया कि उसने बाइक चोरी होने की शिकायत थाना छोटी बारादरी में दर्ज करवा दी है। हालांकि, उसका आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद अभी तक बाइक का कोई सुराग नहीं मिला है और न ही मामले में कोई ठोस कार्रवाई हुई है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों और दफ्तरों में काम करने वाले कर्मचारियों में चिंता का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द बाइक बरामद करवाने और आरोपी को पकड़ने की मांग की है।