फरीदकोट सिटी पुलिस ने ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 100 ग्राम हेरोइन सहित दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान दशमेश नगर निवासी संदीप सिंह उर्फ सैंडी और गांव कम्मेआणा निवासी रोबिन सिंह उर्फ घुद्दा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक सिल्वर रंग का कंप्यूटर कांटा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, एएसआई चमकौर सिंह पुलिस पार्टी के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान जुबली चौक से कोटकपूरा रोड पर सरहिंद नहर के किनारे डोगर बस्ती की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर दो युवक संदिग्ध हालत में बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने लिफाफा फेंककर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। लिफाफे की तलाशी लेने पर 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों का रिमांड लेकर पूछताछ करेगी, ताकि हेरोइन के स्रोत और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके।