मोगा शहर के लाल सिंह रोड पर शुक्रवार की सुबह चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए नकदी और जरूरी कागजात चोरी कर लिए। तीन मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरी की पूरी घटना दुकान और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद दुकानदार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।जानकारी के अनुसार, लाल सिंह रोड स्थित विक्की किराना स्टोर पर सुबह करीब 3:45 बजे तीन मोटरसाइकिल सवार पहुंचे। इनमें से एक आरोपी दुकान का शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुआ, जबकि दो अन्य बाहर खड़े रहे। आरोपियों ने दुकान के गल्ले में रखी शाम की बिक्री की करीब 25 से 30 हजार रुपये की नकदी और जरूरी कागजात चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए।दुकान के मालिक एवं वार्ड नंबर 17 के मौजूदा पार्षद विक्रम सिंह ने बताया कि घटना के समय परिवार सो रहा था। कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर जब उन्होंने उठकर सीसीटीवी कैमरे चेक किए, तो दुकान का शटर आधा खुला दिखाई दिया। बाहर आकर देखा तो शटर पर ताले लगे हुए थे, लेकिन चोरों ने शटर को खींचकर तोड़ दिया था।उन्होंने बताया कि दुकान के साथ ही कॉमन सर्विस सेंटर भी है, लेकिन वहां रखी रकम को चोरों ने हाथ नहीं लगाया। आरोपियों ने केवल किराना दुकान के गल्ले से नकदी और जरूरी कागजात चोरी किए। तीनों व्यक्तियों के चेहरे ढके हुए थे, जिस कारण अभी तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है।पार्षद विक्रम सिंह ने पुलिस प्रशासन से इलाके में पीसीआर की गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की विभिन्न टीमें सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही हैं। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।