फिरोजपुर नगर काउंसिल में सोमवार को होने वाला पार्षदों का शपथग्रहण समारोह अचानक स्थगित कर दिया गया। शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए भाजपा, आम आदमी पार्टी समेत अन्य 17 पार्षद नगर काउंसिल पहुंचे थे, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें समारोह स्थगित किए जाने की जानकारी दी गई। बता दें कि कांग्रेस की ओर से नगर काउंसिल का प्रधान नियुक्त किया गया है। वहीं, सोमवार को पार्षदों का शपथग्रहण समारोह आयोजित किया जाना था। समारोह स्थगित होने के बाद पार्षदों ने इस पर सवाल उठाए और इसके कारण की लिखित जानकारी देने की मांग की। भाजपा पार्षद दविंदर बजाज ने कहा कि भाजपा, आप और अन्य दलों के कुल 17 पार्षद शपथग्रहण समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि समारोह स्थगित कर दिया गया है, लेकिन समारोह स्थगित करने का कारण नहीं बताया गया। बजाज ने आरोप लगाया कि नगर काउंसिल के प्रधान पद के चुनाव के दौरान भी इसी तरह की स्थिति बनी थी। उस समय पार्षद प्रधान पद का चुनाव करने के लिए पहुंचे थे, लेकिन उन्हें कहा गया था कि अगली तारीख की जानकारी दी जाएगी। बाद में प्रधान घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अब दोबारा ऐसी स्थिति पैदा होने के कारण पार्षद समारोह स्थगित करने का कारण लिखित में मांग रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें कोई लिखित जानकारी नहीं दी गई है।