जिले में नशे के कारोबार पर नकेल कसने को लेकर जिला पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। एसएसपी मनप्रीत सिंह ने नशा बेचने और इसकी तस्करी में शामिल लोगों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि नशे का धंधा करने वाले या तो यह काम छोड़ दें या फिर पठानकोट छोड़ दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। एसएसपी ने कहा कि पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता नशे के कारोबार को रोकना है। जिले में नशे की सप्लाई करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की ओर से ऐसे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मकसद केवल नशा तस्करों को पकड़ना ही नहीं, बल्कि नशे की सप्लाई की पूरी चेन को तोड़ना है। इसके लिए थाना स्तर से लेकर जिला स्तर तक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। त्योहारी सीजन को लेकर विशेष सतर्कता वहीं आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारियां की हैं। बाजारों, प्रमुख चौकों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी मनप्रीत सिंह ने लोगों से भी अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या नशे की बिक्री संबंधी जानकारी पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारी दिनों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।