कोटकपूरा में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गुरुवार सुबह नशे के हॉटस्पॉट माने जाने वाले इलाकों में व्यापक सर्च अभियान चलाया। डीएसपी संजीव कुमार की निगरानी में पुलिस की विभिन्न टीमों ने जीवन नगर, इंदिरा कॉलोनी, जैतो चुंगी सहित आसपास के इलाकों में पहुंचकर संदिग्ध घरों और स्थानों की तलाशी ली। पुलिस की अचानक कार्रवाई से इलाके में हलचल देखने को मिली। अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने के शक में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की। पुलिस टीमों ने घरों के अलावा गलियों और आसपास के क्षेत्रों में भी बारीकी से जांच की। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से नशे की बिक्री या तस्करी से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। साथ ही लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। डीएसपी संजीव कुमार ने कहा कि नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए समय-समय पर ऐसे सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।