तरनतारन नगर कौंसिल ने प्रॉपर्टी टैक्स की अदायगी नहीं करने वाले संपत्ति मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभिन्न दुकानों को सील कर दिया। यह कार्रवाई नगर कौंसिल के कार्यकारी अधिकारी रणधीर सिंह वड़ैच के नेतृत्व में की गई। विभाग के अनुसार, संबंधित संपत्तियों का करीब 22 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। कार्यकारी अधिकारी रणधीर सिंह वड़ैच ने बताया कि जिन संपत्ति मालिकों ने लंबे समय से प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं करवाया था, उन्हें कई बार नोटिस भेजे गए और टैक्स जमा करवाने की अपील भी की गई। इसके अलावा शहर में लाउडस्पीकरों के माध्यम से भी लोगों को समय पर अपना बकाया टैक्स जमा करवाने के लिए जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि बार-बार नोटिस देने और पर्याप्त अवसर प्रदान करने के बावजूद संबंधित संपत्ति मालिकों ने टैक्स जमा नहीं करवाया। इसके बाद नगर कौंसिल को कार्रवाई करनी पड़ी। इसी के तहत विभागीय टीम ने विभिन्न दुकानों को सील कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान नगर कौंसिल के कर्मचारियों के अलावा थाना सिटी के ड्यूटी अधिकारी, फायर ब्रिगेड विभाग और सड़क सुरक्षा विभाग की टीमें भी मौजूद रहीं। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नगर कौंसिल की इस कार्रवाई से प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली को लेकर विभाग की सख्ती सामने आई है। अधिकारियों ने संपत्ति मालिकों से अपील की है कि वे अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जल्द जमा करवाएं, ताकि भविष्य में ऐसी कार्रवाई से बचा जा सके।