गांव गज्जर में बच्चों के बीच हो रहे झगड़े को शांत करवाने के दौरान हुई मारपीट में घायल असमैल खान की पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार को पंजाब-हिमाचल प्रदेश सीमा पर पोलियां में तीन घंटे तक ट्रैफिक जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने माहिलपुर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मृतक के रिश्तेदार कासिम दीन निवासी गांव बेलोवाल, जिला ऊना (हिमाचल प्रदेश) ने बताया कि 24 अक्टूबर की रात वह अपने परिवार के साथ गांव गज्जर में एक रिश्तेदार के घर विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। इस दौरान डीजे के पास बच्चों के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि बलवीर खान ने बच्चों को झगड़ने से रोकने का प्रयास किया तो गांव के कुछ लोगों ने हथियारों से उन पर हमला कर दिया। परिजनों के अनुसार, घायलों को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में भी हमलावरों ने उन्हें घेरकर मारपीट की। इस हमले में गंभीर रूप से घायल असमैल खान ने 1 नवंबर को पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में रोष फैल गया। बुधवार सुबह करीब 9 बजे प्रदर्शनकारियों ने पोलियां में सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। दोपहर 12 बजे तक चले प्रदर्शन के दौरान उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे माहिलपुर थाने के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करवाने का प्रयास किया। थाना माहिलपुर की एसएचओ रमनदीप कौर ने बताया कि मामले में पहले ही केस दर्ज किया जा चुका है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।