मोगा पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुल 300 गुम हुए मोबाइल फोन ट्रेस करके बरामद किए हैं। बरामद किए गए मोबाइल फोन आईजी फरीदकोट रेंज नीलांबरी जगदाले और मोगा एस एस पी सरताज सिंह चाहल ने 300 मोबाइल उनके असली मालिकों को वापस सौंपने की कार्रवाई की गई है। जानकारी के मुताबिक 1 जून 2026 से अब तक पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से गुम हुए 300 मोबाइल फोन को ट्रेस किया। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई गई है। पुलिस ने विभिन्न जिलों और अन्य क्षेत्रों से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम हो जाता है या चोरी हो जाता है, तो वह तुरंत संबंधित पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाए और अपने मोबाइल फोन को CEIR पोर्टल पर ब्लॉक करवाने के लिए आवेदन करे। इससे मोबाइल फोन के दुरुपयोग को रोकने और उसे ट्रेस करने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा, पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे अपने मोबाइल फोन की सुरक्षा के लिए स्क्रीन लॉक और अन्य सुरक्षा सुविधाओं का इस्तेमाल करें तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP साझा न करें। मोगा पुलिस ने कहा कि आम जनता की सहायता और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।