जलालाबाद थाना सिटी में हुई हैंड ग्रेनेड की घटना के बाद फिरोजपुर छावनी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शुक्रवार को जीआरपी की टीम ने स्टेशन परिसर और प्लेटफार्मों पर रूटीन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध नजर आने वाले लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ उनके सामान की भी जांच की गई। जीआरपी थाना फिरोजपुर के एसएचओ नवीन कुमार ने बताया कि छावनी रेलवे स्टेशन पर नियमित रूप से चेकिंग की जा रही है। प्लेटफार्मों के अलावा स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों में पुलिस कर्मचारी यात्रियों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रख रहे हैं। संदिग्ध लगने वाले लोगों को रोककर उनसे पूछताछ की जा रही है और उनके सामान की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर भी लगाए गए हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु को स्टेशन परिसर में ले जाने से रोका जा सके। पुलिस की ओर से स्टेशन पर आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, चेकिंग का उद्देश्य किसी भी शरारती तत्व को स्टेशन पर वारदात को अंजाम देने से रोकना और यात्रियों में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखना है।