चंडीगढ़ के सेक्टर-45 स्थित देव समाज कॉलेज फॉर विमेन में छात्र संघ चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। छात्र संघ के चुनाव में प्रधान पद पर परनीत कौर और सचिव पद पर अंशिका को निर्विरोध चुना गया है। वहीं, उप प्रधान पद पर दित्या गुप्ता ने चुनाव जीतकर अपनी जगह बनाई है, जबकि संयुक्त सचिव पद पर प्रिंसेस ने जीत दर्ज की है। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। छात्र संघ की नवनिर्वाचित प्रधान परनीत कौर ने अपनी जीत पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कॉलेज की छात्राओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने और छात्राओं की आवाज को मजबूती से उठाने की बात कही। चुनाव परिणाम के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देने का सिलसिला भी जारी रहा। छात्राओं ने नई छात्र संघ टीम से कॉलेज से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी तरीके से काम करने की उम्मीद जताई।