श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास ड्रोन जैसी गतिविधि सामने आने के बाद सोमवार को दिनभर सुरक्षा एजेंसियों में हलचल रही। रविवार रात रनवे के आसपास संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने एहतियातन उड़ानों का संचालन करीब डेढ़ घंटे तक रोक दिया था। इस दौरान लैंडिंग के लिए पहुंच रहीं सात उड़ानों का मार्ग बदलकर दिल्ली और चंडीगढ़ भेजा गया। एयरपोर्ट निदेशक अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल को ड्रोन गतिविधि की सूचना मिलने के बाद निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत ज्वाइंट एक्शन कमेटी सक्रिय की गई। स्थिति सामान्य होने और ड्रोन गतिविधि रुकने की पुष्टि के बाद रात करीब 11:15 बजे उड़ान संचालन फिर शुरू कर दिया गया। इसके बाद कई डाइवर्ट की गई उड़ानें अमृतसर लौट आईं। घटना के बाद सीआईएसएफ, पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी। पुलिस की जांच में प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि ड्रोन पास के गांव में आयोजित एक खेल प्रतियोगिता की रिकॉर्डिंग के लिए उड़ाए जा रहे थे। एयरपोर्ट के आठ किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित है।