जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बुधवार शाम एक फूड स्टॉल में अचानक आग लग गई। स्टॉल में रखे रेफ्रिजरेटर का कंप्रेसर फटने के बाद आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। इससे प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें शेड तक पहुंचने से पूरे प्लेटफॉर्म पर धुआं फैल गया। आरपीएफ जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर कटनी छोर की ओर नया फूड स्टॉल स्थापित किया गया था। इसका उद्घाटन 20 नवंबर को होना था। स्टॉल पूरी तरह बंद था और उसके अंदर दो रेफ्रिजरेटर सहित खाने-पीने का अन्य सामान रखा हुआ था। बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक स्टॉल में आग लग गई।
पढे़ं: उज्जैन में सांदीपनि लोक की जमीन पर घमासान, आसाराम आश्रम ने अधिग्रहण के खिलाफ खोला मोर्चा
स्टॉल में रखे रेफ्रिजरेटर का कंप्रेसर फटने के कारण आग तेजी से फैल गई। आरपीएफ जवानों ने प्लेटफॉर्म पर ट्रेन के डिब्बों में पानी की आपूर्ति के लिए लगी पाइपलाइन का इस्तेमाल कर आग बुझाने का प्रयास किया। आग पर काबू पाने में आधे घंटे से अधिक का समय लगा। स्टॉल के पास ही पार्सल कार्यालय स्थित है। वहां रखे सामान को तत्काल हटाकर सुरक्षित किया गया।
आग लगने से प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्री सुरक्षित स्थान की तलाश में इधर-उधर भागने लगे। आग की लपटें प्लेटफॉर्म के शेड तक पहुंच रही थीं, जिससे वहां धुआं भर गया। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।