धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए लखनऊ पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने पुलिस बल के साथ हजरतगंज चौराहे से परिवर्तन चौराहे तक फ्लैग मार्च किया। उन्होंने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और व्यापारियों, दुकानदारों व आम लोगों से संवाद कर उनकी प्रतिक्रिया जानी। इस दौरान उन्होंने सभी को सुरक्षित और शांतिपूर्ण त्योहार का भरोसा दिलाया। फ्लैग मार्च के दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार, डीसीपी मध्य अर्पित विजयवर्गीय, एडीसीपी मध्य सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। वहीं, संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार ने डीसीपी पूर्वी दीक्षा शर्मा और एडीसीपी पूर्वी अमोल मुरकुट के साथ भूतनाथ मार्केट में पैदल गश्त की। अधिकारियों ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर संबंधित पुलिसकर्मियों को जरूरी निर्देश दिए। प्रमुख बाजारों में पुलिस की सक्रिय गश्त हजरतगंज, महानगर और भूतनाथ मार्केट सहित प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की गई है। पुलिस आयुक्त ने व्यापारियों और दुकानदारों से बातचीत कर सुरक्षा संबंधी समस्याएं और सुझाव भी जाने। उन्होंने पुलिसकर्मियों को लगातार भ्रमणशील रहने और मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। क्यूआरटी, पीएसी और महिला पुलिस तैनात त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ क्यूआरटी और पीएसी की तैनाती की गई है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर महिला पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। यूपी-112 के वाहनों को भी जरूरत के अनुसार भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है। ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी प्रमुख बाजारों और चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और आईटीएमएस के माध्यम से निगरानी की जाएगी। एंटी सबोटाज और बम डिस्पोजल एंड डिटेक्शन स्क्वॉड (बीडीडीएस) की टीमें भी प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा जांच और चेकिंग करेंगी। साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील पुलिस ने त्योहारों पर ऑनलाइन खरीदारी और डिजिटल लेनदेन के दौरान साइबर ठगों से सतर्क रहने की अपील की है। नागरिकों से अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध क्यूआर कोड स्कैन न करने और किसी के साथ ओटीपी या यूपीआई पिन साझा नहीं करने को कहा गया है। साइबर धोखाधड़ी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है। बाजारों के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए प्रमुख बाजारों के आसपास अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। जरूरत के अनुसार डायवर्जन और रूट प्लान लागू किए जाएंगे। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और नो-पार्किंग में वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। एंबुलेंस, फायर सर्विस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस ने नागरिकों से पटाखे खुले और सुरक्षित स्थानों पर निर्धारित मानकों के अनुसार जलाने, बच्चों को अकेले आतिशबाजी न करने देने और केवल अधिकृत दुकानों से पटाखे खरीदने की अपील की है। साथ ही किसी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को देने और सोशल मीडिया पर अपुष्ट खबरें या अफवाहें साझा नहीं करने को कहा है। पुलिस आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि लखनऊ पुलिस सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण त्योहार के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।