लगातार बारिश के कारण दुबग्गा नवीन फल-सब्जी मंडी में बाहरी राज्यों से सब्जियों की आवक घट गई है। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में भारी बारिश से वाहनों की संख्या कम होने के चलते पिछले एक सप्ताह में कई सब्जियों के दाम लगभग दोगुने तक पहुंच गए हैं। आढ़ती मयंक लाला यादव के मुताबिक, लहसुन 150 रुपये, धनिया 65 और प्याज करीब 48 रुपये किलो बिक रहा है। हरी मिर्च 30 से बढ़कर 45 और तुरई 15 से बढ़कर 22 रुपये किलो हो गई है। कद्दू और लौकी करीब 16 रुपये किलो हैं। बारिश जारी रहने पर कीमतों में और उतार-चढ़ाव की संभावना है।