कमालपुर बिचलिका के जर्जर कच्चे मार्ग को पक्का कराने की मांग को लेकर 22 दिनों से धरने पर बैठे किसानों के आंदोलन को बुधवार शाम सफलता मिली। जिलाधिकारी लखनऊ विशाख जी की मौजूदगी में लोक निर्माण, वन विभाग, एसडीएम मोहनलालगंज आकाश सिंह और किसान संगठन के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई वार्ता में सड़क निर्माण पर सहमति बनी। वन विभाग की ओर से अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। एसडीएम आकाश सिंह ने धरनास्थल पर पहुंचकर किसानों को बताया कि गुरुवार से सड़क के गड्ढों की भराई का काम शुरू होगा। बारिश समाप्त होने के बाद लोक निर्माण विभाग सड़क का डामरीकरण कराएगा। आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने बुधवार शाम करीब चार बजे धरना समाप्त कर दिया। किसानों ने इसे 22 दिन के संघर्ष की जीत बताया। उनका कहना था कि बदहाल मार्ग के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती थी। 10 अगस्त को इसी कीचड़ भरे रास्ते में बच्चों को लेकर जा रही स्कूली वैन नाले में पलट गई थी, जिसमें बच्चे चोटिल हुए थे। इसके बाद राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के नेतृत्व में 19 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया था।