लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आगामी 20 नवंबर 2026 (शुक्रवार) को 'वाल्मीकि महासम्मेलन' का आयोजन किया जा रहा है। वाल्मीकि महासम्मेलन आयोजन समिति के बैनर तले होने वाले इस सम्मेलन की जानकारी देते हुए प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। राम सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वाल्मीकि समाज के मान-सम्मान, अस्तित्व और संवैधानिक अधिकारों की मांग को शासन-प्रशासन व राजनीतिक दलों तक पहुंचाना है। सम्मेलन की प्रमुख मांगों में आरक्षण में उप-वर्गीकरण लागू करना, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में वाल्मीकि समाज के लिए कम से कम 10 सीटें आरक्षित कर उचित राजनीतिक भागीदारी देना शामिल है। इसके साथ ही, सफाई कर्मचारियों का नियमितीकरण, सीवर व सेप्टिक टैंक की सफाई में इंसानी हाथों के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाकर आधुनिक मशीनों का प्रयोग सुनिश्चित करने और दुर्घटना की स्थिति में एक करोड़ रुपये के मुआवजे की पुरजोर मांग उठाई जाएगी। समिति ने समाज के अधिकारों की इस लड़ाई को मजबूती देने के लिए मीडिया बंधुओं से इस आयोजन को व्यापक कवरेज देने की अपील की है।