कांग्रेस की नीतियों और शीर्ष नेतृत्व में विश्वास जताते हुए स्वैच्छिक सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. राकेश वर्मा और दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री फिरदौस बानो (जारा खान) ने बुधवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने तिरंगा पट्टिका पहनाकर दोनों का स्वागत किया। प्रदेश कांग्रेस के ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा ने उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। सदस्यता ग्रहण करने के बाद डॉ. राकेश वर्मा ने कहा कि आज के दौर में अधिकारी अपने मूल दायित्वों के बजाय दूसरे कामों में लगे हैं। देश को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा पर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश ऐसे लोगों के हाथों में है, जिनका लोकतंत्र और संविधान में विश्वास नहीं है। देश संविधान से चलेगा और कांग्रेस संविधान का पालन करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि वह राजनीति करने नहीं, बल्कि काम करने आए हैं। राजनीति करने वालों और अधिकारियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। डॉ. वर्मा ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान वह उनसे प्रभावित हुए। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के संघर्षों से भी प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि डॉ. राकेश वर्मा और फिरदौस बानो समाज के लिए काम कर रहे हैं और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बताया कि डॉ. वर्मा 85 दिव्यांग बच्चों की परवरिश कर रहे हैं। उनके कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। डॉ. वर्मा ने संगठन में काम करने की इच्छा भी जताई है। इस दौरान अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक सोहेल अख्तर अंसारी, विचार विभाग के वाइस चेयरमैन सुरेंद्र यादव, बद्री विशाल तिवारी, राजेश जायसवाल, अनामिका यादव, पुष्पेंद्र सिंह, संजय सिंह, राकेश पांडेय, केके शुक्ला और राजेंद्र पांडेय समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। वहीं, मोहनलालगंज से कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी नरेंद्र गौतम के नेतृत्व में लखनऊ के राम कुमार ठाकुर, विकास चंद्रा, राज कुमार, सुमित कुमार, शैलेंद्र सिंह, शैलेंद्र कुमार ठठेर, मो. उस्मान और मो. जाकिर हुसैन समेत कई लोगों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।