मलिहाबाद क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। हादसा पुरवा गांव के पास उस समय हुआ, जब बारात से लौट रही वैन और होंडा सिटी कार अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गईं। दोनों वाहनों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, बारात में शामिल होकर लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पुरवा गांव के पास अचानक दोनों वाहन अनियंत्रित हो गए और आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहनों में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए और वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की।