लखनऊ में जिला लोधी क्षत्रिय राजपूत सभा के तत्वावधान में रविवार को वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का लोकार्पण होगा। कार्यक्रम रानी अवंती बाई लोधी चौराहा पर आयोजित किया जा रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई केंद्रीय और प्रदेश सरकार के मंत्री मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संगठन के संरक्षक राम शंकर राजपूत के मुताबिक वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का लोकार्पण दुबग्गा प्रेरणा स्थल में आयोजित भव्य समारोह में किया जाएगा। कार्यक्रम में लोधी समाज के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाज के लोग भी शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर स्थल पर मंच, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा समेत अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला लोधी क्षत्रिय राजपूत सभा के पदाधिकारी लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य वीरांगना अवंती बाई लोधी के शौर्य और बलिदान को स्मरण करने के साथ समाज के लोगों को एकजुट करना है।