शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी रौनक देखने को मिली। नवरात्रों में अब तक मंदिर में करीब 92 लाख रुपये का चढ़ावा चढ़ चुका है, जबकि लगभग ढाई लाख श्रद्धालु मां के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं। सोमवार को भी मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही और भक्तों ने मां चिंतपूर्णी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। सोमवार को एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने भी मां चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेका और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। नवरात्रों और दुर्गाष्टमी के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा तथा सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं की गई थीं। श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में पहुंचकर परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की। एसडीएम पारस अग्रवाल ने दुर्गाष्टमी और नवरात्रों के दौरान धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर संतोष व्यक्त किया। नवरात्रों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों की भूमिका अहम रही।