फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कड़ा और कृपाण पहनकर परीक्षा देने पहुंचे सिख युवक को रोका, सोलन में पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान विवाद

हिमाचल प्रदेश के सोलन में पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान एक सिख युवक को धार्मिक प्रतीक कड़ा और कृपाण पहनने के कारण परीक्षा देने से रोकने का आरोप लगा है। मामला सोलन के आंजी स्थित देव भूमि सेंटर का है। युवक जश्नदीप सिंह का कहना है कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान उनसे कड़ा और कृपाण उतारने के लिए कहा गया। धार्मिक प्रतीकों को उतारने से इनकार करने पर उन्हें परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया गया। जश्नदीप सिंह ने बताया कि वह पटवारी भर्ती परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्र पहुंचे थे, लेकिन वहां उन्हें कड़ा और कृपाण पहनकर अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी वह कई परीक्षाओं में शामिल हो चुके हैं और उन दौरान कड़ा व कृपाण पहनने को लेकर उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा था। हालांकि, पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान पहली बार उन्हें ऐसी स्थिति से गुजरना पड़ा। युवक के अनुसार, परीक्षा केंद्र में उनसे उनके धार्मिक प्रतीक उतारने के लिए कहा गया, जबकि सिख धर्म में कड़ा और कृपाण धार्मिक आस्था, परंपरा और पहचान से जुड़े महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रतीकों को उतारना उनकी धार्मिक मान्यताओं के विरुद्ध है। इस घटना पर जश्नदीप सिंह ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सिख समुदाय ने हमेशा देश और धर्म की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके बावजूद धार्मिक प्रतीकों के कारण एक सिख युवक को परीक्षा से वंचित होना पड़ा, जो बेहद दुखद है। फिलहाल यह मामला परीक्षा केंद्र में प्रवेश को लेकर धार्मिक प्रतीकों और परीक्षा संबंधी नियमों के पालन के सवाल खड़े कर रहा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें