नालागढ़ के चुहुवाल क्षेत्र में जलशक्ति विभाग की नई मेन राइजिंग लाइन में लीकेज होने से स्थानीय लोग परेशान हैं। चुहुवाल स्थित शिव मंदिर के सामने पिछले कई दिनों से पाइपलाइन से पानी रिसकर सड़क पर बह रहा है। इससे जहां राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं बड़ी मात्रा में पानी भी व्यर्थ जा रहा है। स्थानीय निवासी ईश्वर ठाकुर ने बताया कि इस पाइपलाइन में बार-बार लीकेज की समस्या सामने आ रही है। नई लाइन होने के बावजूद लगातार रिसाव होना चिंता का विषय है। इससे न केवल सड़क पर पानी फैल रहा है, बल्कि पेयजल की बर्बादी भी हो रही है। उन्होंने जलशक्ति विभाग से मांग की है कि पाइपलाइन की लीकेज को अस्थायी रूप से ठीक करने के बजाय इसका स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बार-बार इस तरह की समस्या सामने न आए। स्थानीय लोगों ने भी विभाग से जल्द कार्रवाई कर पानी की बर्बादी रोकने और सड़क पर हो रही परेशानी से निजात दिलाने की मांग की है।