सिरमौर के स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देने के लिए सिरमौर क्रिकेट लीग (SCL) के पहले सीजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। लीग को आईपीएल की तर्ज पर फ्रेंचाइजी आधारित मॉडल में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए 10 टीमें बनाई गई हैं और खिलाड़ी नीलामी के जरिए इन टीमों का हिस्सा बनेंगे। नाहन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एससीएल ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के महासचिव मोहित ठाकुर ने लीग के प्रारूप और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहला सीजन टी10 फॉर्मेट में खेला जाएगा। सभी 10 फ्रेंचाइजी टीमों को दो पूल में बांटा जाएगा, जिसमें प्रत्येक पूल में पांच टीमें होंगी। लीग चरण में प्रत्येक टीम को कम से कम चार मुकाबले खेलने का अवसर मिलेगा। इसके बाद प्रतियोगिता नॉकआउट और प्लेऑफ चरण में पहुंचेगी। डे-नाइट मुकाबले भी लीग का खास आकर्षण होंगे। एससीएल में खिलाड़ियों के पंजीकरण की प्रक्रिया 15 अगस्त से शुरू हो चुकी है। अब 12 सितंबर 2026 को मेगा प्लेयर ऑक्शन आयोजित की जाएगी। नीलामी में सभी 10 फ्रेंचाइजी टीमें बोली लगाकर अपनी टीम तैयार करेंगी। आयोजन समिति के अनुसार खिलाड़ियों के ठहरने, खान-पान, प्लेइंग किट और टूर्नामेंट के दौरान यात्रा जैसी व्यवस्थाएं समिति और धारटीधार स्पोर्ट्स क्लब की ओर से की जाएंगी। पहले सीजन में खिलाड़ियों और टीमों के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि रखी गई है। चैंपियन टीम को तीन लाख रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 1.75 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज को 11 हजार रुपये तथा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को 5,100-5,100 रुपये का पुरस्कार मिलेगा। सिरमौर क्रिकेट लीग के पहले सीजन में शिमला पैंथर्स, गदाधर वैली, ब्रदर्स यूनाइटेड, धारटीधार टाइटंस, पीआरसी मतियाना, पीआरसी कुसेनु, भगवती पीसीसी मैना, सनराइजर्स जम्मुआ, किंग्स इलेवन संगड़ाह और मां रेणुका स्पोर्ट्स की टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजन समिति के महासचिव मोहित ठाकुर ने कहा कि एससीएल का मुख्य उद्देश्य सिरमौर के उन क्रिकेट खिलाड़ियों को अवसर देना है, जिन्हें अभी तक बड़े स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मंच नहीं मिला है। लीग से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल में खेलने, पहचान बनाने और प्रोफेशनल क्रिकेट का अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने स्थानीय कारोबारियों, खेल प्रेमियों और मीडिया से भी इस पहल से जुड़ने की अपील की।