केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों और चार श्रम संहिताओं के विरोध में सीटू की ओर से 1 से 3 दिसंबर तक दिल्ली में तीन दिवसीय महापड़ाव आयोजित किया जाएगा। इसमें जिला सिरमौर से सैकड़ों मजदूर भाग लेंगे। यह जानकारी नाहन में प्रेसवार्ता के दौरान सीटू जिला सिरमौर के महासचिव आशीष कुमार ने कही। आशीष कुमार ने कहा कि महापड़ाव में आंगनबाड़ी, मिड-डे मील, निर्माण, औद्योगिक और आउटसोर्स कर्मचारी शामिल होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूर महंगाई, बेरोजगारी, कम वेतन और असुरक्षित रोजगार की मार झेल रहे हैं, जबकि सरकार बड़े पूंजीपतियों को राहत दे रही है।