राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सांगला (सीबीएसई) में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विशेष शिविर का शुभारंभ रविवार को किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य बलविंद्र सिंह ने किया। इस दौरान दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। शिविर में कुल 21 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं, जिनमें सात छात्र और 14 छात्राएं शामिल हैं। इस अवसर पर अतिथियों ने एनएसएस स्वयंसेवकों को योजना के महत्व और इसके मूल मंत्र 'नॉट मी बट यू' (मैं नहीं, बल्कि आप) के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम अधिकारी नवजीवन नेगी और निशा कुमारी ने शिविर के दौरान आयोजित होने वाली सात दिनों की गतिविधियों एवं कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने स्वयंसेवकों को सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।