फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वीडियो: लवी मेले की तैयारियों को लेकर एसडीएम ने की समीक्षा, अधिकारियों को सौंपीं जिम्मेदारियां

अंतरराष्ट्रीय लवी मेला के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को उपमंडलाधिकारी एवं मेला समिति के सचिव हर्ष अमरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कानून-व्यवस्था, आवास, यातायात, पेयजल, बिजली और स्वच्छता सहित मेले से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा कर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। एसडीएम ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेला 11 से 14 नवंबर तक रामपुर बुशहर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर परिसर में बैरिकेडिंग और बैठने की व्यवस्था की जिम्मेदारी सहायक आयुक्त (विकास) एवं खंड विकास अधिकारी रामपुर अंकुश कुमार को सौंपी गई है। वहीं, मेला मैदान में उद्घाटन और समापन समारोह के दौरान बैठने की व्यवस्था, मंच की सजावट का जिम्मा नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी और बागवानी विभाग के विषय विशेषज्ञ को दिया गया है। मेले में आने वाले सांस्कृतिक दलों और अतिथियों के ठहरने के लिए अलग दल गठित किया गया है। यह दल आवासीय सुविधाओं का आकलन करने के साथ भवनों में पेयजल, बिजली और स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। इसके अलावा रामपुर में चौबीसों घंटे नियंत्रण कक्ष स्थापित करने और आवास आवंटन का रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहायक आयुक्त (राजस्व) एवं तहसीलदार रामपुर योगेश कुमार को प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, सांस्कृतिक दलों के आवास आरक्षण, प्रवेश पास, निमंत्रण पत्र, दूरभाष व्यवस्था और उनके वितरण के लिए अलग-अलग अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में नायब तहसीलदार सराहन प्रेम सिंह नेगी, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग बीरबल मोदी, सहायक अभियंता विद्युत विभाग राजेश मुखिया, सहायक अभियंता नगर परिषद अनिल गौतम, थाना प्रभारी रामपुर रमेश नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें