मतदान की प्रक्रिया क्या होती है, वोट कैसे डाला जाता है और मताधिकार के जरिए प्रतिनिधियों का चुनाव कैसे किया जाता है, इसकी जानकारी डीएवी स्कूल मंडी के नौनिहालों ने प्रायोगिक तौर पर हासिल की। संविधान दिवस के उपलक्ष्य पर स्कूल के ईईडीपी सेक्शन में चीफ कैप्टन पद के लिए चुनाव करवाया गया। इसमें छोटे बच्चों ने न केवल चुनावी प्रक्रिया को करीब से समझा, बल्कि अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लोकतंत्र में मतदान की अहमियत भी जानी। चीफ कैप्टन पद के लिए स्कूल के चार विद्यार्थियों गौरिका, सिमरन कौर, अभिनंदन ठाकुर और नविष्का को प्रत्याशी बनाया गया। उन्होंने बताया कि सोमवार को चुनाव का परिणाम घोषित किया जाएगा। यह पूरी गतिविधि स्कूल के प्रधानाचार्य केएस गुलेरिया के मार्गदर्शन में आयोजित की गई।