हिमाचल किसान सभा की धर्मपुर खंड कमेटी ने क्षेत्र की लंबित समस्याओं और विकास कार्यों में हो रही देरी को लेकर दिसंबर के पहले सप्ताह से जनाधिकार जनसंपर्क अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। किसान सभा का आरोप है कि दो माह पूर्व प्रशासन को सौंपे गए मांगपत्रों पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में अब क्षेत्रीय और पंचायत स्तर पर बैठकों के माध्यम से जनता को लामबंद कर मांगों को लेकर आंदोलन तेज किया जाएगा। यह निर्णय किसान सभा खंड कमेटी की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता खंड अध्यक्ष करतार सिंह चौहान ने की। इसमें जिला महासचिव भूपेंद्र सिंह सहित खंड सचिव मिलाप चंदेल, उपाध्यक्ष रीता देवी, प्रकाश सकलानी, कुलदीप ठाकुर, राजेंद्र पॉल, श्याम सिंह, रमेश चंद, बाला राम, प्रकाश वर्मा, मनोज कुमार, कुलदीप बिष्ट, मिलखी राम, सुरेंद्र गुलेरिया, लुद्दर सिंह और भोला दत्त सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।