मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से जिला मंडी के ऐहन में कोल डैम जलाशय में साहसिक जल क्रीड़ा गतिविधियों का शुभारंभ किया। ऐहन से तत्तापानी तक लगभग 35 किलोमीटर के जलाशय क्षेत्र में इन गतिविधियों के विस्तार से पर्यटकों को रोमांचक अनुभव प्राप्त होंगे। इसके साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। राज्य सरकार ने कोल डैम जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए यहां साहसिक जल क्रीड़ा गतिविधियों का विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस पहल के तहत पर्यटकों के लिए स्पीड बोट, जेट स्की, बनाना बोट, बंपर राइड और 20 यात्रियों की क्षमता वाला मिनी क्रूज सहित विभिन्न आकर्षक गतिविधियां उपलब्ध होंगी। इससे पर्यटक जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के साथ रोमांचक अनुभव भी प्राप्त कर सकेंगे।