अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी और हिमाचली गीतों का खूब रंग जमा। पंजाबी गायक काका, सारेगामा फेम ममता भरद्वाज, कुमार साहिल, अजय चौहान और सुनील राणा सहित अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस दौरान लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी अजय चौहान के गीतों पर थिरकते नजर आए। सांस्कृतिक संध्या में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। इस दौरान उत्सव समिति के उपाध्यक्ष एवं उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने टोपी, मफलर और स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया।