धर्मशाला। युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें अपनी संस्कृति व फिटनेस से जोड़ने के लिए एसडीएम कांगड़ा की विशेष पहल फिट कांगड़ा 2026 का शानदार आगाज हो गया है। युवाओं को सही दिशा देने के उद्देश्य से इस अभियान के तहत ऐतिहासिक बाण गंगा घाट, कांगड़ा में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को इस तीन दिवसीय कार्यक्रम की पहली संध्या में देव-भक्ति और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। शाम की शुरुआत भक्तिमय जुम्बा और अन्य फिटनेस गतिविधियों के साथ हुई, जिसने युवाओं में जबरदस्त जोश भर दिया। इसके बाद पहाड़ी लोक नृत्य नाटी की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसने वहां मौजूद हर शख्स को अपनी संस्कृति के रंग में रंग दिया। पहली संध्या का समापन एक भव्य 'महा आरती' के साथ हुआ, जिससे पूरा बाण गंगा घाट रोशनी और भक्ति के माहौल में डूब गया।