सुजानपुर-हमीरपुर मार्ग पर शुक्रवार शाम करीब 8:15 बजे अणु में निजी बस और एंबुलेंस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस का अगला शीशा टूट गया, हालांकि किसी को चोट नहीं आई। टक्कर के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया। हादसे के समय एंबुलेंस में कोई मरीज मौजूद नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद एंबुलेंस चालक अपनी सीट पर ही बैठा रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने उससे बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन वह ठीक से जवाब नहीं दे पाया। ऐसे में चालक के नशे में होने की आशंका जताई गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात बहाल करवाया। एसपी हमीरपुर बलबीर ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।